CGPSC 2023 के टॉपर रवि शंकर वर्मा से की खास बातचीत, पांचवीं कोशिश में मिली सफलता, जानें उनकी संघर्ष यात्रा
CGPSC Topper
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) 2023 के परिणाम जारी कर दिए गए है। सीजीपीएससी 2023 की परीक्षा में पहले स्थान पर आए रवि शंकर वर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, खासकर अपनी पत्नी के सपोर्ट को दिया। उन्होंने एशियन न्यूज से खास बातचीत में बताया कि यह उनकी पांचवीं कोशिश थी, और इस बार उन्हें सफलता मिली।
पाँचवीं कोशिश में मिली सफलता
रवि शंकर वर्मा ने कहा कि यह उनकी लगातार मेहनत और परिवार के सहयोग का परिणाम है। वह अपनी पत्नी को विशेष रूप से धन्यवाद देते हैं, जिनका उन्हें हमेशा प्रोत्साहन मिला। वर्मा ने आगे बताया कि सरकारी सेवाओं में एक अधिकारी के रूप में कार्य करने के लिए वह पूरी तरह से तैयार हैं और जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेंगे।
अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा
रवि शंकर वर्मा ने उन छात्रों को संदेश दिया जो इस बार परीक्षा में सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा, "मायूस होने की जरूरत नहीं है। सही तैयारी और मेहनत से आगामी परीक्षाओं में सफलता मिल सकती है।" उन्होंने छात्रों को उम्मीद और सकारात्मक सोच रखने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री और शासन का धन्यवाद
वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा सोशल मीडिया पर दी गई बधाई का आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और समर्थन उनके लिए प्रेरणादायक रहा है।
वर्तमान में जिला रोजगार अधिकारी पद पर कार्यरत
रवि शंकर वर्मा फिलहाल बैकुंठपुर जिले में जिला रोजगार अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। अब सीजीपीएससी में सफलता प्राप्त करने के बाद वह राज्य के प्रशासनिक सेवाओं में अपने योगदान के लिए तत्पर हैं।