Share Market: गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार; सेंसेक्स 400 अंक टूटा, निफ्टी 25100 के नीचे

By :  Vpb
Update: 2025-11-21 11:53 GMT

Share Market: नई दिल्ली: कमजोर वैश्विक संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम होने के असर से भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को दो दिनों की तेजी पर ब्रेक लगा दिया। कारोबार के अंतिम सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी, दोनों सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 400.76 अंक (0.47%) फिसलकर 85,231.92 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 444 अंक से अधिक टूटकर 85,187.84 के निचले स्तर तक आ गया। वहीं, एनएसई निफ्टी भी 124 अंक (0.47%) की गिरावट के साथ 25,068.15 पर बंद हुआ। रुपये में भी दबाव दिखा और यह इंट्रा-डे में रिकॉर्ड निचले स्तर 89.49 प्रति डॉलर तक गिर गया।


Share Market: सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स सबसे ज्यादा गिरावट में रहे। इसके विपरीत मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स और आईटीसी में बढ़त देखने को मिली। एशियाई बाजारों में भी भारी बिकवाली दर्ज हुई, जबकि यूरोपीय बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार गुरुवार को कमजोरी के साथ बंद हुए। विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत अमेरिकी रोजगार आंकड़ों के बाद फेड की ब्याज दर कटौती की उम्मीदें कमजोर पड़ी हैं, जिसका सीधा असर भारतीय बाजारों पर दिखा। ब्रेंट क्रूड का भाव भी गिरकर 62.42 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एफआईआई और डीआईआई दोनों ने गुरुवार को बाजार में खरीदारी की थी, लेकिन शुक्रवार को वैश्विक दबाव भारी पड़ा।

Tags:    

Similar News