Share Market: भारी उतार-चढ़ाव के बाद सपाट बंद हुआ शेयर बाजार, एफपीआई बिकवाली का दबाव बरकरार

By :  Vpb
Update: 2026-06-04 11:25 GMT

Share Market: मुंबई: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को दिनभर भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की लगातार बिकवाली और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण बाजार ने कमजोर शुरुआत की। हालांकि, निचले स्तरों पर खरीदारी लौटने से बाजार ने अच्छी रिकवरी दिखाई और अंततः प्रमुख सूचकांक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 13.84 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,360.01 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 10.96 अंक या 0.05 प्रतिशत चढ़कर 23,416.55 अंक पर पहुंच गया। वहीं, डॉलर के मुकाबले रुपया 7 पैसे कमजोर होकर 95.83 पर बंद हुआ।

बाजार को संभालने में कुछ चुनिंदा शेयरों ने अहम भूमिका निभाई। टाइटन के शेयरों में करीब 4 प्रतिशत और इटरनल में 3 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। अदाणी पोर्ट्स और टेक महिंद्रा भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, ट्रेंट, इंफोसिस, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट रही। विशेषज्ञों के अनुसार, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली बाजार पर दबाव बना रही है। बुधवार को ही एफआईआई ने 5,616 करोड़ रुपये से अधिक की इक्विटी बेची थी। वैश्विक बाजारों में कमजोरी, अमेरिका-ईरान तनाव और पश्चिम एशिया की अनिश्चितताओं ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ाई है, जिससे बाजार में अस्थिरता बनी हुई है।

Tags:    

Similar News