Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के जिला न्यायालय परिसर में एक ऐसे शख्स का भंडाफोड़ हुआ है, जो खुद को हाईकोर्ट का अधिवक्ता बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था। काला कोट पहनकर कोर्ट परिसर में घूम रहे इस कथित फर्जी वकील को अधिवक्ताओं की सतर्कता के चलते पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी न्यायालय परिसर में वकीलों की तरह वेशभूषा पहनकर पहुंचा था और अलग-अलग लोगों के सामने अपनी पहचान बदल रहा था। वह कभी खुद को हरीश डहरिया तो कभी मनीष कुर्रे बताकर लोगों का विश्वास जीतने का प्रयास कर रहा था। उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद मौजूद अधिवक्ताओं ने उससे पूछताछ की, जिसमें वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।

मामले की सूचना तुरंत सिविल लाइन पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर तलाशी ली। जांच के दौरान उसके पास से कई आधार कार्ड, पहचान पत्र और अन्य संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में कुल पांच आधार कार्ड और कई आईडी दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक व्यक्ति का काम कराने के नाम पर उसे अपने झांसे में लेकर कोर्ट पहुंचा था। हालांकि उसकी योजना सफल हो पाती, उससे पहले ही अधिवक्ताओं की सजगता से पूरा मामला उजागर हो गया।

जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी अकेले काम नहीं कर रहा था और उसके साथ अन्य लोग भी इस नेटवर्क में शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब बरामद दस्तावेजों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने पहले भी किसी को ठगी का शिकार बनाया है या नहीं। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Tags: