Raipur City News : दिनदहाड़े बैंक मित्र हुआ लूट का शिकार, बाइक सवार बदमाशों ने रूपए से भरा बैग लेकर हुए फरार

इसके बाद आरोपियों ने रास्ता रोककर नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।

Update: 2026-06-02 08:12 GMT

Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। बैंक मित्र से दो लाख रुपये लूटने के लिए बाइक सवार बदमाशों ने पहले मिर्ची पाउडर का सहारा लिया, लेकिन हेलमेट का फेस गार्ड उनकी योजना के बीच दीवार बन गया। इसके बाद आरोपियों ने रास्ता रोककर नकदी से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, बिरोदा निवासी पोषण साहू बैंक मित्र के रूप में कार्य करता है। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह अभनपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से दो लाख रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहा था। खोरपा और बिरोदा के बीच पगडंडी मार्ग पर पहुंचते ही बाइक सवार दो युवक उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचे।

पीछे बैठे बदमाश ने अचानक उसकी आंखों पर मिर्ची पाउडर फेंकने की कोशिश की, लेकिन साहू ने समय रहते हेलमेट का फेस गार्ड नीचे कर लिया, जिससे वह मिर्ची के असर से बच गया। इसके बाद बदमाशों ने उसकी बाइक के सामने अपनी बाइक अड़ाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने बैंक से ही बैंक मित्र की गतिविधियों पर नजर रखी थी और रकम निकालने की जानकारी पहले से जुटा ली थी।

पुलिस बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही वारदात स्थल के आसपास के मार्गों की निगरानी कैमरों से भी आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है। ग्रामीणों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है।

Tags:    

Similar News