नई दिल्ली: पटना में मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश सड़क पर नजर आया। बिहार दरोगा भर्ती, BPSC 70वीं परीक्षा समेत 13 सूत्री मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्रों ने गांधी मैदान से राजभवन मार्च शुरू किया।

जेपी गोलंबर पर पुलिस ने रोका

अभ्यर्थियों को विधानसभा की ओर बढ़ने से रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर पुलिस और CRPF ने बैरिकेडिंग की थी। कुछ छात्र बैरिकेड पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। बाद में कुछ छात्र एग्जीबिशन रोड होते हुए डाक बंगला चौराहे की ओर बढ़े, लेकिन वहां भी उन्हें रोक दिया गया।

दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग

प्रदर्शनकारी 1799 पदों पर हुई दरोगा भर्ती परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच आर्थिक अपराध इकाई (EOU) कर रही है, इसलिए जांच पूरी होने तक परीक्षा को लेकर फैसला होना चाहिए। अभ्यर्थियों ने BPSC 70वीं परीक्षा में कथित धांधली की निष्पक्ष जांच और दोबारा परीक्षा कराने की मांग भी उठाई।

‘सिर्फ जांच का आश्वासन मिल रहा’

छात्रों का आरोप है कि सरकार उन्हें सिर्फ जांच का आश्वासन दे रही है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि 13 सूत्री मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

रोमित के परिजन भी पहुंचे

दरोगा भर्ती अभ्यर्थी रोमित की आत्महत्या के बाद उनके परिजन भी प्रदर्शन में शामिल हुए। उनकी मां और भाई ने सरकार से न्याय की मांग की। अभ्यर्थियों ने परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

Tags: