Bihar News : शुगर मिल में काम करने के दौरान 30 फीट ऊंचाई से गिरा मजदूर, अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
Bihar News : सीतामढ़ी। बिहार के सीतामढ़ी जिले स्थित रीगा चीनी मिल में काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बॉयलर के पास कार्य कर रहे एक मजदूर का संतुलन बिगड़ने से वह करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मनी यादव निवासी नवलपुर गांव, कटेया प्रखंड (गोपालगंज) के रूप में हुई है। वह रीगा चीनी मिल में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनी यादव बॉयलर के समीप नियमित कार्य में जुटा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरा। हादसे में उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद साथी मजदूरों और मिल कर्मचारियों ने तुरंत उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, ऊंचाई से गिरने के कारण लगी गंभीर चोटें उसकी मौत की वजह बनीं।
हादसे के बाद मिल परिसर में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।