Bihar Crime : ठेकेदार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

वैशाली के दिग्घी पश्चिम में दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, ठेकेदार रामनरेश राय की मौत; जमीन विवाद समेत कई एंगल से जांच जारी

Update: 2026-08-13 14:23 GMT

Bihar Crime : हाजीपुर। बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार सुबह सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी पश्चिम इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने एक ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान दिग्घी पश्चिम निवासी ठेकेदार रामनरेश राय के रूप में हुई है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान घेरकर की फायरिंग

पुलिस के मुताबिक रामनरेश राय रोज की तरह गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही दो बाइक पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से रामनरेश राय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार-पांच गोलियां लगने की जानकारी

वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के अनुसार शुरुआती जानकारी में रामनरेश राय को चार से पांच गोलियां लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

जमीन विवाद समेत कई एंगल से जांच

रामनरेश राय विभिन्न सरकारी विभागों में ठेकेदारी का काम करते थे। प्रारंभिक जांच में करीब एक महीने पहले जमीन विवाद से जुड़ा मामला सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की वजह की पुष्टि नहीं की है। पुलिस पुरानी रंजिश, जमीन-जायदाद से जुड़े विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

हत्या के बाद सड़क जाम, इलाके में तनाव

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Tags:    

Similar News