Bihar BPSC TRE-4: बिहार शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 1 सितंबर से आवेदन शुरू
बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। BPSC TRE-4 यानी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
पटना। बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। BPSC TRE-4 यानी शिक्षक भर्ती के चौथे चरण का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 32,388 शिक्षक पदों को भरा जाएगा। आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी और अभ्यर्थी 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, फिलहाल परीक्षा की तारीख की घोषणा नहीं की गई है।
1 सितंबर से शुरू होगा आवेदन
BPSC TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन शुल्क का भुगतान भी इसी दिन से किया जा सकेगा। भुगतान की अंतिम तिथि 29 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है।
अभ्यर्थियों को भर्ती से जुड़ी पात्रता, विषयवार पदों, शुल्क और अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए BPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.bihar.gov.in पर जारी नोटिफिकेशन देखने की सलाह दी गई है।
परीक्षा की तारीख का अभी इंतजार
TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी होने के बावजूद आयोग ने फिलहाल लिखित परीक्षा की तारीख घोषित नहीं की है। ऐसे में आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा किए जाने की संभावना है। अभ्यर्थियों को परीक्षा की तारीख और आगे की प्रक्रिया के लिए आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखनी होगी।
गर्दनीबाग में प्रदर्शन कर रहे थे शिक्षक अभ्यर्थी
TRE-4 के नोटिफिकेशन की मांग को लेकर पटना के गर्दनीबाग में शिक्षक अभ्यर्थी लगातार प्रदर्शन और धरना दे रहे थे। अभ्यर्थियों का कहना था कि भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण हजारों उम्मीदवारों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने चेतावनी दी थी कि यदि कुछ दिनों के भीतर नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे। इसी बीच BPSC की ओर से विज्ञापन जारी कर दिया गया, जिससे आंदोलनरत अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
छात्रों ने रखीं कई अन्य मांगें
TRE-4 के नोटिफिकेशन के साथ अभ्यर्थियों की कई अन्य मांगें भी सामने आई हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने भर्ती प्रक्रिया में एकल स्तरीय परीक्षा, भर्ती में पारदर्शिता, कथित भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों पर कार्रवाई और परीक्षा माफिया के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
इसके अलावा छात्रों ने बीएसएससी की भर्तियों में पारदर्शिता, आवास नीति और STET परीक्षा आयोजित करने की मांग भी उठाई है। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि योग्य उम्मीदवारों का चयन सही तरीके से हो सके।
नोटिफिकेशन जारी होने के बाद आंदोलन की दिशा पर नजर
नोटिफिकेशन जारी होने के बाद TRE-4 के लिए चल रहा छात्र आंदोलन फिलहाल नई स्थिति में पहुंच गया है। अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा की तारीख और भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण पर रहेगी। दूसरी ओर, सरकार और आयोग के सामने परीक्षा को समय पर और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने की चुनौती होगी।