Naxalite Encounter : बीजापुर। नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में मंगलवार सुबह शुरू हुई मुठभेड़ ने एक बार फिर सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता दर्ज कराई है। डीआरजी, एसटीएफ और दंतेवाड़ा बल की संयुक्त कार्रवाई में छह नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। घटनास्थल से इंसास राइफल, ऑटोमैटिक हथियार, स्टेनगन, विस्फोटक सामग्री और भारी मात्रा में नक्सली सामान बरामद किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ बीजापुर जिले के नेशनल पार्क इलाके में हुई, जहां लंबे समय से माओवादियों की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान माओवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में कई घंटे तक गोलियां चलती रहीं।

दोपहर से शाम तक रुक-रुक कर गोलीबारी जारी रही। ऑपरेशन के बाद जब क्षेत्र की तलाशी ली गई, तो छह नक्सलियों के शव और भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। बीजापुर एसपी ने पुष्टि करते हुए कहा कि “मुठभेड़ स्थल से ऑटोमैटिक हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। अभियान अभी जारी है, और इलाके में अतिरिक्त बल भेजा गया है ताकि किसी भी बचे हुए नक्सली को पकड़ जा सके।”

Tags: