Naxal Encounter: बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर मुठभेड़, 12 नक्सली ढेर, तीन DRG जवान शहीद, सभी माओवादियों के शव-हथियार बरामद, सर्चिंग जारी

By :  Dev Verma
Update: 2025-12-03 13:27 GMT

Naxal Encounter: जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां गंगालूर क्षेत्र के घने जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बुधवार सुबह से जोरदार मुठभेड़ हुई। इस ऑपरेशन में जवानों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 12 नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं दुखद बात यह है कि मुठभेड़ के दौरान डीआरजी के तीन बहादुर जवान शहीद हो गए, जबकि दो जवान घायल हुए हैं। सभी घायल जवान अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने पुष्टि की है कि मौके से सभी 12 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। इसके साथ ही भारी मात्रा में हथियार SLR राइफलें, INSAS और .303 बोर राइफलें भी जब्त की गई हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की घेराबंदी बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त फोर्स मौके पर भेजी गई है, ताकि जंगल में छिपे अन्य नक्सलियों की तलाश तेज की जा सके। मुठभेड़ में शहीद हुए जवानों में प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी (DRG बीजापुर), आरक्षक दुकारू गोंडे (DRG बीजापुर) और जवान रमेश सोड़ी (DRG बीजापुर) शामिल हैं। शहीद जवानों की शहादत को पूरे बस्तर ने नमन किया है।

बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि DRG, STF, COBRA और CRPF की संयुक्त टीम सुबह 9 बजे के आसपास बीजापुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर स्थित वेस्ट बस्तर डिवीजन के जंगलों में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। उसी दौरान घने जंगल में छिपे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 12 नक्सली ढेर हो गए। एसपी ने यह भी संकेत दिया कि मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है, क्योंकि सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

Tags:    

Similar News