नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले ‘चलो दिल्ली रामलीला मार्च’ में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह मार्च किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का आंदोलन है। राहुल ने लोगों से पुलिस और लाठियों से नहीं डरने की अपील भी की।

छात्रों से भी शामिल होने की अपील

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि मार्च का उद्देश्य कथित वोट चोरी को रोकना है। उन्होंने छात्र संगठनों से भी राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर इसमें शामिल होने की अपील की। राहुल के मुताबिक, जो लोग अपनी अभिव्यक्ति, विचारों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना चाहते हैं, वे मार्च में शामिल हों।

CEC के खिलाफ मॉक संसद की तैयारी

कांग्रेस और INDIA गठबंधन 1 नवंबर की रैली से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 30 अक्टूबर को प्रतीकात्मक ‘मॉक संसद’ आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं। विपक्ष चुनावी सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठा रहा है और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

व्यापारियों ने जताई कारोबार प्रभावित होने की आशंका

दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने रैली को 10 नवंबर के बाद कराने की अपील की है। संगठन के अध्यक्ष बृजेश गोयल के मुताबिक, रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में करीब 20 प्रमुख बाजार हैं। ट्रैफिक पाबंदियों से त्योहारों के दौरान कारोबार प्रभावित हो सकता है। CTI ने करीब 10 हजार करोड़ रुपए के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका जताई है। हालांकि, कांग्रेस की रैली की तैयारियां जारी हैं।

Tags: