Flight Emergency Exit: कोच्चि जा रही फ्लाइट में हंगामा: यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश की, गिरफ्तार

कुआलालंपुर से कोच्चि आ रही बाटिक एयर की फ्लाइट में एक यात्री ने उड़ान के दौरान इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश की। आरोपी पर यात्रियों और केबिन क्रू को धमकाने का भी आरोप है। कोच्चि पहुंचने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Update: 2026-08-06 11:27 GMT

Flight Emergency Exit: कोच्चि। कुआलालंपुर से कोच्चि आ रही बाटिक एयर की फ्लाइट में एक यात्री द्वारा इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। आरोपी पर सहयात्रियों और केबिन क्रू को धमकाने तथा आपातकालीन निकास द्वार के पैनल को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। विमान के कोच्चि पहुंचते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

उड़ान के दौरान हुआ हंगामा

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान जमशीर अथानिक्कल के रूप में हुई है। वह बुधवार को बाटिक एयर की फ्लाइट OD231 से कुआलालंपुर से कोच्चि आ रहा था। एफआईआर के मुताबिक, रात करीब 9:30 बजे से 11:05 बजे के बीच उसने उड़ान के दौरान जबरन इमरजेंसी एग्जिट खोलने की कोशिश की।

केबिन क्रू ने संभाली स्थिति

आरोप है कि यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट की खिड़की के पैनल को भी क्षतिग्रस्त किया और साथी यात्रियों को धमकाया, जिससे विमान में मौजूद लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। स्थिति बिगड़ने पर केबिन क्रू ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे काबू में कर लिया।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस

कोच्चि पहुंचने पर बाटिक एयर के सुरक्षा प्रभारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), विमान अधिनियम की धारा 11ए और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118(ई) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News