Salman Khan on Student Protests: मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने छात्रों के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग पूरी तरह सही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह आंदोलन शुरुआत में शांतिपूर्ण था, लेकिन बाद में हिंसक हो गया, जिसे देखकर उन्हें बहुत दुख हुआ। उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई।

सलमान खान ने कहा कि पेपर लीक बहुत गंभीर समस्या है। उन्हें खुशी है कि देशभर के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए एकजुट हुए हैं और उनके माता-पिता ने भी उनका साथ दिया। उन्होंने छात्रों की ईमानदारी, मेहनत और बेहतर भविष्य बनाने की इच्छा की सराहना करते हुए कहा कि यही युवा आगे चलकर शिक्षित और मजबूत भारत का निर्माण करेंगे।

उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। उनका मानना है कि इस आंदोलन का श्रेय केवल छात्रों को मिलना चाहिए। सलमान ने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की बात सुनेगी और शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।

सलमान खान ने आगे कहा कि शिक्षा को देश में सबसे बड़ा ट्रेंड और प्राथमिकता बनाया जाना चाहिए। उनका सपना है कि भारत ऐसा देश बने, जहां दुनिया के दूसरे देशों से भी छात्र पढ़ाई के लिए आएं और भारत एक एजुकेशनल हब के रूप में पहचाना जाए।

एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने भी किया सपोर्ट

आलिया ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टूडेंट्स के सपोर्ट में एक दिल को छू लेने वाला नोट शेयर किया. इसमें लिखा है, "पिछले कुछ दिनों ने मेरा दिल तोड़ा और फिर उम्मीद के साथ उसे बार-बार जोड़ा भी. अपनी बात पर डटे रहने वाले हर स्टूडेंट के पीछे एक सपना, एक परिवार की उम्मीद और अनगिनत त्याग का सफर होता है. वे न सिर्फ खुद का, बल्कि उन सभी का प्रतिनिधित्व करते हैं जिन्होंने उनका साथ दिया है, और साथ ही वे उनके लिए एक बेहतर रास्ता भी बना रहे हैं जो उनके बाद आएंगे."

स्टूडेंट्स की हिम्मत और दृढ़ संकल्प की तारीफ करते हुए आलिया ने आगे लिखा, "उनकी हिम्मत मुझे विनम्र बनाती है. उनका संकल्प हम सभी के लिए एक आईने की तरह है, जो हमसे पूछता है कि क्या हम सच में उन लोगों की बात सुन रहे हैं जो इस देश के कल को संभालेंगे और उसे आकार देंगे. स्टूडेंट्स के लिए. स्टूडेंट्स द्वारा भविष्य उन्हीं का है. जय हिंद."

छात्र आंदोलन को लेकर कई अन्य फिल्मी सितारों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता अनुपम खेर ने छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई, जबकि नसीरुद्दीन शाह ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर दुख और नाराजगी जताई। उन्होंने छात्रों से अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से उठाते रहने की अपील की।

Tags: