Mahakumbh 2025 : प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ 2025 के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई और मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने गेरुआ वस्त्र धारण कर रुद्राक्ष की माला पहनी हुई थी, जो उनकी आध्यात्मिक आस्था को दर्शाता है।

Mahakumbh 2025 : संगम स्नान और पूजा-अर्चना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगम तट पर पहुंचकर मां गंगा को प्रणाम किया, आचमन किया और फिर मंत्रोच्चार के बीच संगम में डुबकी लगाई। इसके बाद उन्होंने मां गंगा की पूजा की और त्रिवेणी संगम की परिक्रमा की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे, हालांकि प्रधानमंत्री ने संगम स्नान अकेले किया।

Mahakumbh 2025 : सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पीएम मोदी के आगमन को लेकर प्रयागराज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सीआरपीएफ और सेना के जवानों की तैनाती की गई थी। प्रधानमंत्री प्रयागराज हवाईअड्डे से हेलीकॉप्टर द्वारा नैनी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के मैदान पहुंचे, जहां से अरैल घाट तक गए और फिर नाव के माध्यम से संगम स्थल पहुंचे। उनकी सुरक्षा के लिए पांच सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा महाकुंभ के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को और अधिक बढ़ाने वाला रहा। उनकी उपस्थिति से मेले में भक्ति और आस्था का माहौल और भी प्रबल हो गया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद भी किया और महाकुंभ की दिव्यता को महसूस किया।

Mahakumbh 2025 : श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

महाकुंभ में संगम स्नान को लेकर देशभर से श्रद्धालु बड़ी संख्या में उमड़ रहे हैं। अब तक करोड़ों श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। मान्यता है कि संगम स्नान से मोक्ष की प्राप्ति होती है, यही कारण है कि न केवल भारत बल्कि विदेशों से भी लाखों भक्त प्रयागराज पहुंच रहे हैं।

Tags: