Hrithik-Kangana Controversy: ऋतिक रोशन के कमेंट पर कंगना रनौत का पलटवार, बोलीं- 'आग में घी डालना बंद करें', सबा आजाद का भी किया जिक्र
Hrithik-Kangana Controversy
Hrithik-Kangana Controversy: नई दिल्ली। अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर अभिनेता ऋतिक रोशन पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर हाल ही में ऋतिक के एक कमेंट के बाद कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रतिक्रिया दी। दोनों के बीच वर्षों पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दिया जवाब
कंगना ने एक खबर का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, ‘डियर ऋतिक मुझे खुशी है कि आपको अपना परफेक्ट मैच मिल गया है, आप और सबा आजाद साथ में बहुत अच्छे लगते हैं। आप एक कमिटेड रिलेशनशिप में हैं और किसी महिला को इस तरह परेशान करना आपको शोभा नहीं देता। इसके बजाय आपको उन सभी लोगों की निंदा करनी चाहिए जो आपके नाम का इस्तेमाल करके मुझे परेशान और बुली कर रहे हैं। आग में घी डालना और अपने पार्टनर को शर्मिंदा करना बंद करें। उम्मीद है कि आपको सही बात समझ आएगी और आप बेमतलब की बातें करना बंद कर देंगे।’
ऋतिक ने वायरल ट्रेंड पर किया था कमेंट
सोशल मीडिया पर 'The world owes an apology to Hrithik Roshan' ट्रेंड चलने के बाद ऋतिक रोशन ने लिखा था, ‘मेरे दोस्त, आपको अब सिर्फ इसलिए 'A' का साथ देना क्योंकि आपको 'B' पसंद नहीं है। यह हमारे समाज की एक बड़ी समस्या का छोटा सा हिस्सा है। मैं सही संदर्भ और तथ्यों पर आधारित बात का इंतजार करूंगा। वही सही होगा। लेकिन फिर अब किसे परवाह है, है ना?’
CJP प्रवक्ता के बयान के बाद शुरू हुआ विवाद
हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने मजाक में कहा था कि कंगना उन्हें इसलिए निशाना बनाती हैं क्योंकि उनकी शक्ल थोड़ी-बहुत ऋतिक रोशन से मिलती है। इसके बाद सोशल मीडिया पर पुराने विवाद को लेकर बहस तेज हो गई और #TheWorldOwesAnApologyToHrithikRoshan ट्रेंड करने लगा।
पुराना विवाद फिर आया चर्चा में
कंगना और ऋतिक के बीच कथित रिश्ते को लेकर पहले भी लंबा विवाद हो चुका है। दोनों ने उस समय एक-दूसरे के दावों का सार्वजनिक रूप से जवाब दिया था। अब सोशल मीडिया पर हुई नई बयानबाजी के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।