Crime News : तरन तारन। पंजाब के तरन तारन जिले में सोमवार को शिक्षा के मंदिर को दहला देने वाली वारदात सामने आई। गांव उसमा स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में क्लास शुरू होते ही एक छात्र ने अपनी ही सहपाठी छात्रा को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं में भय का माहौल बन गया।

मृत छात्रा की पहचान संदीप कौर, निवासी नौशहरा पन्नुआ के रूप में हुई है, जबकि आरोपी छात्र प्रिंस राज, निवासी गांव मलियां बताया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, प्रिंस राज क्लासरूम में दाखिल हुआ, बेहद करीब से संदीप कौर के सिर में गोली मारी और कुछ ही सेकंड बाद पिस्टल दोबारा लोड कर खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

DSP जगबीर सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। इस घटना ने कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि छात्र हथियार लेकर कॉलेज परिसर के भीतर कैसे पहुंचा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के पीछे एकतरफा प्रेम, निजी विवाद या कोई अन्य कारण था। परिजनों, सहपाठियों और कॉलेज स्टाफ से पूछताछ जारी है।

Tags: