CG Accident : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बलौदाबाजार जिले के दरचुरा के पास यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।

अंबिकापुर से रायपुर जा रही थी बस

जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रेवल्स की बस (CG 04 NM 0859) सोमवार सुबह अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 22 यात्री सवार थे। सुबह लगभग 5:30 बजे दरचुरा के पास बस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे के समय कई यात्री नींद में थे, जिसके कारण उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है।

बस में फंसे यात्रियों को निकाला, अस्पताल में इलाज जारी

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और सिमगा पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

ड्राइवर को झपकी आने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। सड़क पर खड़े ट्रक पर रिफ्लेक्टर लगा था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

Tags: