बागबाहरा: छत्तीसगढ़ कहार (भोई) समाज बिंद्रावन राज की वार्षिक अधिवेशन भानपुर बागबाहरा में आयोजित की गई। इस अधिवेशन में महासभा महादेव घाट रायपुर से प्राप्त दिशा-निर्देशों की जानकारी बिंद्रावन राज के पंचों को दी गई। अधिवेशन में समाज के विकास, नशामुक्ति और आत्मनिर्भरता जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए बिंद्रावन राज के अध्यक्ष मनीष अवसरिया ने कहा कि मादक द्रव्यों का सेवन किसी भी समाज को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर करता है। उन्होंने समाजजनों से नशाखोरी से दूर रहने और वर्तमान परिवेश में समाज के विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "कहार समाज एक मेहनतकश समाज है। हमारा परंपरागत व्यवसाय डोली उठाना अब आधुनिक समय में अप्रासंगिक हो चुका है। आज लोग परिवहन के लिए आधुनिक साधनों का उपयोग करते हैं। ऐसे में युवाओं को अन्य व्यवसायों की ओर ध्यान देना चाहिए ताकि एक आत्मनिर्भर समाज की स्थापना हो सके।"

बिंद्रावन राज के सचिव रमेश बोयर ने अपनी बात रखते हुए कहा कि समाज को सबके सहयोग और सहभागिता से ही आगे बढ़ाया जा सकता है। कोषाध्यक्ष भूषण घेवरिया ने वित्तीय वर्ष 2024-25 का आय-व्यय प्रस्तुत किया। पूर्व जनपद सदस्य तुलसीराम गौतम ने समाज की बैठकों का आयोजन दिन में करने का सुझाव दिया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित किया।

सम्मान समारोह

अधिवेशन में ग्राम पंचायत टंडवा बैकुंठ की नवनिर्वाचित पंच नमिता गौतम, ग्राम पंचायत कनसिंघी की नवनिर्वाचित पंच राखी घेवरिया और डी.एम.एफ. मेंबर जिला रायपुर तुलसीराम गौतम को मोमेंटो और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शैक्षणिक सत्र 2024 में कक्षा दसवीं में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर समाज स्तर पर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थी जयेन्द्र अवसरिया को भी मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।


महिला प्रकोष्ठ का पुनर्गठन

अधिवेशन में समाज के महिला प्रकोष्ठ का पुनर्गठन किया गया। गहन चर्चा के बाद नमिता गौतम को छत्तीसगढ़ कहार (भोई) समाज बिंद्रावन राज के महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उपस्थित सभी महिला सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी और उनके मिलनसार व्यक्तित्व की सराहना की।



इनकी रही उपस्थिति

अधिवेशन में उपाध्यक्ष संजू गौतम, ईश्वर घेवरिया, विनोद माँछल, सखाराम बोयर, भुखन बोयर, भुनेश्वर यमराज, दिनेश यमराज, अशोक कहार, गिरधर घेवरिया, तुलसीराम घेवरिया, रमेसर सोनवानी, भुवनलाल सोनवानी, मानू गौतम, गौर सिंह घेवरिया, रिंकू गौतम, दीपक माँछल, बलराम अवसरिया, रोशनी अवसरिया, चंद्रकला बोयर, लता अवसरिया, सुमती अवसरिया, तुलसी औसर, लक्ष्मी औसर, मनोज यमराज सहित सैकड़ों राज पंच मौजूद रहे।

Tags: