रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब, कोल और CGMSC घोटाले से जुड़े मामलों की जांच के बीच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को अलग-अलग जिलों में कार्रवाई की है।

राजधानी रायपुर में जांच एजेंसी की टीमें अनवर ढेबर और रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा से जुड़े ठिकानों पर पहुंची हैं। इसके अलावा बिलासपुर और राजनांदगांव समेत अन्य जिलों में भी दबिश दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग मामलों की जांच के सिलसिले में टीमें संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, अब तक एजेंसियों की ओर से कार्रवाई में मिली सामग्री या किसी बड़ी बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

VIP स्टेट में कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर EOW की दबिश

रायपुर के VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर EOW की टीम पहुंची है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई शराब घोटाला मामले की जांच से जुड़ी बताई जा रही है।

टीम घर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि जांच के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या सामग्री मिली है। एजेंसी की ओर से भी कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

अनवर ढेबर के घर भी पहुंची EOW की टीम

राजधानी रायपुर में EOW की एक टीम अनवर ढेबर के आवास पर भी पहुंची है। शराब घोटाले से जुड़े मामलों में उनका नाम पहले भी जांच के दौरान सामने आ चुका है। फिलहाल ताजा कार्रवाई के संबंध में एजेंसी की ओर से विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

बिलासपुर और राजनांदगांव में भी छापेमारी

रायपुर के अलावा बिलासपुर और राजनांदगांव समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी जांच एजेंसियों की टीमें सक्रिय हैं। इन स्थानों पर की जा रही कार्रवाई को CGMSC और कोल घोटाले से संबंधित जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच की जा रही है। कुछ संबंधित लोगों से पूछताछ किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

हालांकि, फिलहाल EOW और ACB की ओर से छापेमारी के सभी ठिकानों, कार्रवाई के उद्देश्य और बरामद दस्तावेजों के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Tags: