CG Weather News : छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश से मिली राहत, अब फिर सताएगी गर्मी

रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि आने वाले दिनों में एक बार फिर गर्मी अपने तेवर दिखा सकती है।

Update: 2026-05-07 07:48 GMT

CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात के साथ बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया।

रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा। राजधानी रायपुर में तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज हुआ और सुबह तक अच्छी बारिश भी रिकॉर्ड की गई।

कुटरू, लाभांडीह, रायपुर, भटगांव, सरिया और बिलाईगढ़ सहित कई क्षेत्रों में बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर प्रदेश और तेलंगाना के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण सिस्टम की वजह से प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिला।

हालांकि राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए फिर से गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि आने वाले दिनों में एक बार फिर गर्मी अपने तेवर दिखा सकती है।

Tags:    

Similar News