CG Weather News : तपती गर्मी के बीच मिलेंगी राहत, 5 दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट, तापमान में गिरावट के संकेत

मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिसमें आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

Update: 2026-04-30 08:23 GMT

CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में झुलसाने वाली गर्मी के बीच अब राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्यभर में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिसमें आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को तेज धूप और लू से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। बीते 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस किया गया, जहां राजनांदगांव 44°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि रायपुर में पारा 43.2°C तक पहुंच गया।

वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 25.3°C दर्ज किया गया। आने वाले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1–2 डिग्री की गिरावट संभव है, हालांकि उसके बाद तीन दिनों तक तापमान स्थिर रहने का अनुमान है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न संभागों में तेज हवाएं (40–50 किमी/घंटा), बिजली गिरने और हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम में इस बदलाव के पीछे तीन सक्रिय मौसमी प्रणालियां जिम्मेदार हैं, जिनमें दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण, पूर्व-पश्चिम द्रोणिका और मध्य भारत से होते हुए बांग्लादेश तक फैली एक अन्य द्रोणिका शामिल हैं।

वहीं रायपुर में आज आंशिक बादल छाए रहने के साथ शाम या रात में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं, जिससे गर्मी के तेवर थोड़े नरम पड़ सकते हैं।

Tags:    

Similar News