CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बस्तर संभाग सहित प्रदेश के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश ने गर्मी से राहत दी है, जबकि रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे मध्य क्षेत्र अब भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। ओडगी में सबसे अधिक 5 सेंटीमीटर वर्षा हुई, जबकि कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल और मनोरा में भी अच्छी बारिश हुई है।

दूसरी ओर, गर्मी का असर अभी भी कम नहीं हुआ है। बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर में शनिवार को बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। हालांकि दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।


मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, प्रदेश में लगातार नमी का प्रवाह बना हुआ है, जिसके कारण बस्तर क्षेत्र में वर्षा की गतिविधियां बढ़ी हैं। मानसून की प्रगति और वर्षा के पैटर्न पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।


उधर, दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों में मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में और आगे बढ़ सकता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण का असर भी मौसम पर देखने को मिल रहा है।


फिलहाल छत्तीसगढ़वासियों को अगले कुछ दिनों तक उमस, तेज हवाओं, गरज-चमक और रुक-रुककर होने वाली बारिश का सामना करना पड़ सकता है, जबकि बस्तर क्षेत्र में मानसूनी गतिविधियां और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Tags: