CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से बस्तर संभाग और आसपास के जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के साथ बारिश होने का अनुमान है। इसे देखते हुए 13 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहीं। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस और तापमान में बढ़ोतरी महसूस की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रायपुर (माना) में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ। अब तक राज्य में सामान्य से लगभग 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

दक्षिण बस्तर के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। गंगालूर में 3 सेंटीमीटर, जबकि दंतेवाड़ा, करपावंड, पेण्ड्रा रोड, गीदम, लोहंडीगुड़ा और सकोला में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं बस्तर, मरवाही, धानोरा, डोंगरगढ़, भैरमगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून द्रोणिका और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है। इसके कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।

इन 13 जिलों में यलो अलर्ट-

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

रायपुर का मौसम-

राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

Tags: