CG Weather News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति है, जबकि लोगों का बिना रेनकोट या छाते के घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के कारण अगले 48 घंटे तक मध्य छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि 8 जुलाई से पूरे प्रदेश में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम होने के संकेत हैं।

पिछले 24 घंटों में राजिम में सबसे अधिक 19 सेंटीमीटर, दुर्ग में 18 सेंटीमीटर और रायपुर शहर, राजनांदगांव व पाटन में 15-15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा गोबरा नवापारा, माना, भिलाई, धमतरी, महासमुंद और गरियाबंद समेत कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई।

राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर आसमान बादलों से घिरा रहने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा, कोरबा, कबीरधाम, सूरजपुर, कोरिया समेत 25 से अधिक जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

Tags: