CG Weather News : रायपुर। बिलासपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक भीषण गर्मी और हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को बिलासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45°C दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मुंगेली में 43.9°C, सक्ती में 43.8°C, जबकि रायपुर, बालोद और कबीरधाम में 43.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रायपुर में तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक रहा, जिससे दिनभर गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया।

वहीं सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 24°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा और तापमान में किसी बड़ी गिरावट के संकेत नहीं हैं।

अगले 5 दिन भारी पड़ सकते हैं-

मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हीट वेव की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। रायपुर सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 44°C के आसपास बने रहने की संभावना जताई गई है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर हैं।

बारिश के आसार फिलहाल कमजोर-

प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर दर्ज की गई, लेकिन अधिकांश जिलों में मौसम पूरी तरह सूखा बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बेहद कम है।

Tags: