CG Rajyotsav 2024 : इस बार 4 से 6 नवंबर तक होगा राज्योत्सव का आयोजन, नवा रायपुर में जगमगाएंगे 10 हजार दीप
इस वर्ष के राज्योत्सव की थीम ‘अमृतकाल- छत्तीसगढ़ विजन @2047’ रखी गई है,
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-10-25 03:06 GMT
CG Rajyotsav 2024 : रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के इस बार विशेष आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन हर साल की तरह इस बार 1 नवंबर को नहीं, बल्कि 4 से 6 नवंबर तक नवा रायपुर अटलनगर में भव्य राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। हालांकि 1 नवंबर को नवा रायपुर में 10 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि सभी लोग अपने घरों में दीप जलाकर दीपोत्सव के साथ राज्योत्सव का भी जश्न मनाएं।
CG Rajyotsav 2024 : राज्योत्सव के दौरान हर शाम सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रमुख बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। 4 नवंबर को बॉलीवुड सिंगर शान (शांतनु मुखर्जी) अपनी प्रस्तुति देंगे, 5 नवंबर को नीति मोहन का कार्यक्रम होगा, और 6 नवंबर को इंडियन आइडल विजेता पवनदीप और अरुणिता सांस्कृतिक संध्या को और रंगीन बनाएंगे। राज्य सरकार द्वारा आम जनता के लिए रियायती दरों पर बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे लोग आसानी से राज्योत्सव तक पहुंच सकें।
CG Rajyotsav 2024 : जिला स्तर पर भी 5 नवंबर को विशेष कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसमें विकास विभागों की प्रदर्शनी और स्थानीय कलाकारों के परफॉर्मेंस शामिल रहेंगे। सरकार ने सभी जिला कलेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि सरकारी दफ्तरों में 1 से 6 नवंबर तक विशेष लाइटिंग की जाए, और जिला मुख्यालयों के कार्यक्रमों में मंत्री, सांसद, विधायक, और जन-प्रतिनिधियों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाए।
CG Rajyotsav 2024 : इस वर्ष के राज्योत्सव की थीम ‘अमृतकाल- छत्तीसगढ़ विजन @2047’ रखी गई है, जिसमें प्रदेश के भविष्य के विकास की योजनाओं को प्रस्तुत करने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है। इस डॉक्यूमेंट में 2047 तक के विकास कार्यों का खाका पेश किया गया है, जिसमें विभिन्न स्टॉल भी लगेंगे, जो छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला और विकास को दर्शाएंगे।