Rain Alert in CG: रायपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए तात्कालिक पूर्वानुमान (Nowcast) चेतावनी जारी की है। यह अलर्ट 27 जुलाई 2026 शाम 7:33 बजे तक प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

इन जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, महासमुंद, बलौदाबाजार, मुंगेली, कबीरधाम, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर और कोरिया समेत कई जिलों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, बिजली चमकने और बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

ऑरेंज और येलो अलर्ट वाले जिले

राजनांदगांव, गरियाबंद, धमतरी, बेमेतरा, कांकेर सहित कुछ जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं बस्तर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, बीजापुर और कोंडागांव में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।


 साथ ही मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास न जाने की सलाह दी है। किसान, यात्री और वाहन चालक विशेष सावधानी बरतें। प्रशासन को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Tags: