CG Weather News: छत्तीसगढ़ में आज भी बारिश का अलर्ट: 22 जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारों के आसार, राजधानी रायपुर में भी बरसेंगे बादल
शाम हुई झमाझम बारिश के बाद रात में भी कई इलाकों में रुक-रुककर पानी गिरता रहा। इससे कुछ सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी।
CG Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बलरामपुर और बीजापुर जिले में कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 9 अगस्त को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
22 जिलों में बारिश और बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
कुसमी में 110 MM बारिश
पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 110 MM बारिश बलरामपुर के कुसमी में दर्ज की गई। दौरा कोचली में 90 MM, भोपालपट्टनम और बलरामपुर में 70-70 MM, जबकि बरमकेला में 60 MM बारिश हुई। प्रदेश में 1 जून से अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से 7% कम है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शनिवार शाम हुई झमाझम बारिश के बाद रात में भी कई इलाकों में रुक-रुककर पानी गिरता रहा। इससे कुछ सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी।
दुर्ग सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज हुआ। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।