Raipur News : रायपुर। मायाराम सुरजन सभागार में नीरवंदन म्यूजिकल ग्रुप द्वारा आयोजित संगीत समारोह में सुरों की शानदार महफिल सजी। कार्यक्रम में रायपुर के साथ बिलासपुर, मल्हार, कोरबा और बलौदाबाजार से पहुंचे गायकों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीत लिया। नए और पुराने करीब 50 गीतों की प्रस्तुतियों के दौरान दर्शक अंत तक झूमते रहे।


कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध जसगीत गायक दुकालू यादव की मौजूदगी रही। श्रोताओं की विशेष मांग पर उन्होंने अपनी प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।


संगीत समारोह का सबसे खास पल तब आया, जब एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों ने मंच साझा कर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रायपुर निवासी कवि, साहित्यकार और समाजसेवी छबिलाल सोनी अतिथि गायक के रूप में शामिल हुए। उनके साथ उनके पुत्र मुकेश सोनी और पोते अनिकेत सोनी ने भी अपनी गायन प्रस्तुति दी।


 


ग्रुप डायरेक्टर वंदना तिवारी और नीरज पांडे ने बताया कि यह नीरवंदन म्यूजिकल ग्रुप का सातवां आयोजन था, जिसे दर्शकों का शानदार प्रतिसाद मिला। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद श्रोताओं और अतिथियों का आभार जताया।

उन्होंने बताया कि पिछले आयोजनों की तरह इस बार भी नए गायकों को अपनी प्रतिभा सामने रखने का अवसर दिया गया। ग्रुप का अगला संगीत आयोजन 18 सितंबर को मायाराम सुरजन सभागार में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी, साहित्यकार एवं कवि लक्ष्मीनारायण लाहोटी, छत्तीसगढ़ी फिल्म कलाकार गोल्डन साहू सहित शहर के विभिन्न म्यूजिकल ग्रुप के संचालक और संगीत प्रेमी मौजूद रहे।

Tags: