CG News : चलती ट्रेन में चोरी, फिर बचने के लिए गेट पर लटका चोर और कूदा नीचे, मारने वाला यात्री गिरफ्तार

Update: 2026-07-19 09:28 GMT

CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में चलती ट्रेन के भीतर चोरी की कोशिश के बाद ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला आजाद हिंद एक्सप्रेस का है, जहां एक कथित चोर चोरी के बाद पकड़े जाने से बचने के लिए ट्रेन के दरवाजे से बाहर लटक गया। इस दौरान यात्री उसे लगातार मारता रहा और आखिरकार जान बचाने के लिए चोर चलती ट्रेन से नीचे कूद गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना उरकुरा और मांडर स्टेशन के बीच की है। यात्रियों के अनुसार, संदिग्ध युवक रायपुर से ट्रेन में चढ़ा और रिजर्व कोच में एक यात्री के पास बैठ गया। कुछ देर बाद वह यात्री का सामान लेकर भागने लगा। सामान चोरी होने का एहसास होते ही पीड़ित यात्री उसके पीछे दौड़ा।

खुद को बचाने के लिए आरोपी ट्रेन के गेट से बाहर लटक गया, लेकिन यात्री ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और हाथ-पैर से उसकी पिटाई करता रहा। लगातार मार पड़ने पर आरोपी ने नीचे कूदकर भागने की कोशिश की। घटना का वीडियो दूसरी बोगी में मौजूद एक यात्री ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एक ओर पुलिस चलती ट्रेन से कूदे कथित चोर की तलाश कर रही है, वहीं दूसरी ओर आरोपी को नीचे कूदने के लिए मजबूर करने के आरोप में यात्री आर. सुरेश कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News