CG News: संकुल समन्वयकों ने नवपदस्थ बीईओ से की मुलाकात, सौंपा मांगपत्र, लंबित मामलों के जल्द निराकरण की मांग

Update: 2026-07-20 08:47 GMT

CG News: बागबाहरा: महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड में छत्तीसगढ़ संकुल शैक्षिक समन्वयक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नवपदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) देवनारायण दीवान से शिष्टाचार मुलाकात की। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र चंद्राकर के नेतृत्व में पहुंचे संकुल समन्वयकों ने बीईओ का गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया और ब्लॉक स्तर की विभिन्न लंबित समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 का यात्रा भत्ता अब तक संकुल समन्वयकों को नहीं मिला है। उनका कहना था कि समय पर यात्रा भत्ता नहीं मिलने से समन्वयकों का मनोबल प्रभावित होता है और कार्य करने में कठिनाई आती है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द बजट उपलब्ध कराकर सभी लंबित यात्रा भत्तों का भुगतान कराया जाए।

संघ ने यह भी मांग रखी कि समन्वयकों के 30 दिनों के अर्जित अवकाश का सही तरीके से उनकी सर्विस बुक में दर्ज किया जाए। इसके अलावा, चूंकि संकुल समन्वयक विद्यालयों का शैक्षणिक निरीक्षण करते हैं और स्कूलों व शिक्षा विभाग के बीच समन्वय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं, इसलिए उनकी ऑनलाइन उपस्थिति शिक्षक लॉगइन के बजाय सीएसी (संकुल समन्वयक) लॉगइन से दर्ज करने की व्यवस्था की जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आग्रह किया कि रविवार और अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में संकुल समन्वयकों से अनावश्यक शासकीय कार्य न लिया जाए, ताकि उन्हें निर्धारित अवकाश का लाभ मिल सके और कार्य तथा निजी जीवन के बीच संतुलन बना रहे। बीईओ देवनारायण दीवान ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर संकुल समन्वयक भूपेंद्र निराला, परमानंद निर्मलकर, देवलाल सिन्हा, गेंदलाल यादव, गोविंद चौधरी, विजय साहू, पवन साहू, विद्याप्रसाद चंद्राकर, मनोज चक्रधारी, राधे निराला, प्रदीप वर्मा, मोहिंदर पांडे, रामनारायण धीवर सहित 36 संकुल समन्वयक उपस्थित रहे। उक्ताशय की जानकारी संघ के ब्लॉक प्रवक्ता मनीष अवसरिया ने दी।

Tags:    

Similar News