CG News : किसान से 60 हजार की उठाईगिरी, बाइक की डिक्की से कैश पार करते सीसीटीवी में कैद हुआ बदमाश
खरीदारी के दौरान बदमाश ने उड़ाई पूरी रकम, पुलिस तलाश में जुटी
CG News : जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा शहर में एक किसान बैंक से नकदी निकालने के कुछ ही मिनटों बाद उठाईगिरी का शिकार हो गया। अज्ञात बदमाश ने बाजार में खड़ी बाइक की डिक्की से 60 हजार रुपये पार कर दिए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सरवानी गांव निवासी किसान रामनारायण साहू ने चांपा स्थित यूनियन बैंक से 60 हजार रुपये निकाले थे। उन्होंने नकदी बाइक की डिक्की में रखी और मोदी चौक स्थित एक दुकान पर खरीदारी करने चले गए। इसी बीच एक अज्ञात उचक्के ने मौके का फायदा उठाया और बाइक की डिक्की खोलकर उसमें रखी पूरी रकम लेकर फरार हो गया।
जब किसान वापस लौटे तो डिक्की खुली देख उनके होश उड़ गए। जांच करने पर नकदी गायब मिली। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित किसान ने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक की डिक्की से रुपये निकालते हुए दिखाई दिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।