CG News : राइस मिल में चिमनी गिरने से मजदूर की मौत, दो घायल

चंद सेकंड में मिल परिसर चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया।

Update: 2025-12-21 06:55 GMT

CG News : राजनांदगांव। जिले के चिचोला चौकी क्षेत्र में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाला औद्योगिक हादसा हुआ, जिसने सुरक्षा दावों की सच्चाई उजागर कर दी। महाराजपुर स्थित श्री जय गुरुदेव राइस मिल में बनी करीब 75 क्विंटल वजनी चिमनी अचानक भरभराकर गिर पड़ी। चंद सेकंड में मिल परिसर चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया।

हादसे के समय चिमनी के आसपास 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे हुए इस हादसे में मोतीपुर निवासी मुकेश कुमार कंवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। भारी मलबे ने उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया। वहीं गजानंद कंवर और रमेश कुमार कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए राजनांदगांव जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हालात इतने भयावह थे कि रमेश कंवर का शरीर चिमनी के मलबे और हजारों क्विंटल चावल के नीचे दब गया। रेस्क्यू के दौरान उसका ऊपरी हिस्सा किसी तरह बाहर निकाला गया, लेकिन पैर लंबे समय तक मलबे में फंसा रहा।

सूचना मिलते ही चिचोला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस वक्त मजदूरों की संख्या थोड़ी और ज्यादा होती, तो मौतों का आंकड़ा और बढ़ सकता था।

Tags:    

Similar News