CG News : परिवार कर रहा था शादी की तैयारी, इधर कमरे में फंदे पर लटके मिली युवक की लाश

थाना प्रभारी प्रेमचंद्र साहू ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Update: 2025-11-12 08:25 GMT

CG News : कोरबा। शहर के एईसीएल कॉलोनी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब 32 वर्षीय फणीभूषण ध्रुव ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फणीभूषण, रिटायर्ड सहायक उपनिरीक्षक कलम सिंह ध्रुव का बेटा और पुलिस विभाग में पदस्थ नारायण ध्रुव का छोटा भाई था। घटना के समय घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे।

बता दें कि मंगलवार शाम को पड़ोसियों ने जब देखा कि फणीभूषण पूरे दिन घर से बाहर नहीं निकला, तो उन्हें शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने अंदर झांका, जहां फणीभूषण फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही इलाके में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, युवक की अभी शादी नहीं हुई थी और परिवार उसके लिए रिश्ता तलाश रहा था।

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार उनके गृहग्राम लालपुर (लोरमी) में किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस को कमरे से शराब और कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतलें मिलीं। हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। दीपका थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रेमचंद्र साहू ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News