CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह की अध्यक्षता में आज राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय नवा रायपुर, अटल नगर में कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में आगामी नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों पर गहन चर्चा की गई। बैठक में अजय सिंह ने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित कई अहम निर्देश दिए। सबसे पहले, उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर (एआरओ) की नियुक्ति पर जोर दिया और कहा कि नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के लिए अलग-अलग नियुक्तियां की जाएं।

CG News : इसके अलावा, निर्वाचन प्रक्रिया के लिए निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 15 जनवरी को निर्धारित तिथि पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के लिए कहा। साथ ही, बैठक में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की पहली स्तरीय जांच (एफएलसी) पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अजय सिंह ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव ईवीएम से कराए जाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने एफएलसी के लिए एक प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति करने और संबंधित कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

CG News : इसके अलावा, एफएलसी की प्रक्रिया की सूचना सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को लिखित में देने की बात कही और सुनिश्चित करने को कहा कि यह प्रक्रिया समय पर शुरू हो और निर्धारित तिथि तक पूरी हो। बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग की उप सचिव डॉ. नेहा कपूर, डॉ. अनुप्रिया मिश्रा, आलोक कुमार श्रीवास्तव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एसडीएम सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे। आयोग के सचिव डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने बताया कि 2014 में नगरीय निकाय चुनाव ईवीएम के माध्यम से सफलतापूर्वक संपन्न किए गए थे और इस बार भी आयोग द्वारा मल्टी वोट मल्टी पोस्ट प्रकार की ईवीएम का इस्तेमाल किया जाएगा।

CG News : नवगठित जिलों को उनके पेरेंट जिलों से आवश्यकतानुसार ईवीएम मुहैया कराई जाएगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बैठक के दौरान सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने जिलों की तैयारियों की स्थिति से आयोग को अवगत कराया और सुनिश्चित किया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी।

Tags: