CG News : आदिवासी छात्रा आत्महत्या मामले में मुख्य आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश जारी
वहीं मामले के दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
CG News : बैकुंठपुर। कोरिया जिले में आदिवासी छात्रा की आत्महत्या के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। छात्रा को कथित तौर पर प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में फरार मुख्य आरोपी विनोद वैद को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मामले के दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस लाइन निवासी प्रधान आरक्षक की 17 वर्षीय पुत्री रितु सिंह (पूजा पैकरा) ने बीते सप्ताह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जांच में सामने आया कि वह एक निजी मार्ट गई थी, जहां उस पर कॉस्मेटिक सामान चोरी करने का आरोप लगाया गया। आरोप है कि मार्ट प्रबंधन ने नाबालिग छात्रा पर दबाव बनाकर उससे कथित स्वीकारोक्ति लिखवाई और बाद में उसके परिवार से पैसों की मांग शुरू कर दी।
जांच में यह भी सामने आया कि पहले 15 हजार रुपये, फिर 20 हजार और बाद में 50 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रकम नहीं मिलने पर छात्रा की स्कूटी भी जब्त कर ली गई। परिवार के सामने सार्वजनिक रूप से हुई बेइज्जती और मानसिक दबाव के बाद छात्रा गहरे सदमे में चली गई और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तीनों आरोपियों जगत वैद, विनोद वैद और दीपक वैद पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान में कार्रवाई कर विनोद वैद को गिरफ्तार कर लिया। उसे ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर कोरिया लाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि फरार दोनों आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।