CG News : कुरूद-अभनपुर रेल ट्रायल सफल, 113 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन

By :  Dev Verma
Update: 2026-06-18 13:14 GMT

CG News : धमतरी। क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना अब हकीकत के बेहद करीब पहुंच गया है। रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत कुरूद से अभनपुर रेलवे स्टेशन के बीच 17 जून को किया गया हाई स्पीड ट्रायल पूरी तरह सफल रहा। ट्रेन ने 113 किलोमीटर प्रति घंटे की तूफानी रफ्तार से 24 किलोमीटर की दूरी महज 12 मिनट में तय कर ली।

CG News : 113 किमी/घंटे की रफ्तार से सफल ट्रायल

नवनिर्मित रेल ट्रैक पर चलाए गए इस महत्वपूर्ण ट्रायल में ट्रेन ने शानदार प्रदर्शन किया। कुरूद से अभनपुर तक की यात्रा मात्र 12 मिनट में पूरी हुई। स्थानीय लोगों ने ट्रायल देखने के लिए स्टेशनों और ट्रैक के आसपास भारी भीड़ जुटाई। इस सफल परीक्षण ने कुरूद-धमतरी रेल लाइन के शीघ्र शुरू होने की उम्मीद को और मजबूत कर दिया है।

CG News : पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ ट्रायल

ट्रायल की शुरुआत दोपहर सवा 12 बजे रायपुर से फुटप्लेट निरीक्षण के साथ हुई। कुरूद स्टेशन पहुंचने के बाद रेल अधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। दोपहर 1:03 बजे ट्रेन अभनपुर के लिए रवाना हुई और 1:15 बजे सफलतापूर्वक वहां पहुंच गई।

CG News : ट्रैक की गुणवत्ता पर अधिकारियों ने जताई संतुष्टि

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रायल के दौरान ट्रैक की क्षमता, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की गई। निरीक्षण में कहीं कोई कमी या खामी नहीं पाई गई। मंडल अभियंता के नेतृत्व में तकनीकी टीम पूरी तरह संतुष्ट नजर आई।

CG News : धमतरी रेल सेवा 2026 में शुरू होने की संभावना

इस सफल ट्रायल के बाद कुरूद से धमतरी तक नियमित रेल सेवा इसी वर्ष 2026 में शुरू होने की प्रबल संभावना है। धमतरी रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। क्षेत्रवासियों का लंबे समय से चला आ रहा बड़ा रेल लाइन का सपना अब जल्द ही साकार होने जा रहा है।

Tags:    

Similar News