CG News : बारिश में ढही सरकारी दफ्तर की छत, परियोजना अधिकारी समेत 3 घायल, जर्जर भवन पर उठे सवाल

सीतापुर स्थित महिला एवं बाल विकास कार्यालय में बड़ा हादसा, प्लास्टर गिरने से मची अफरा-तफरी

Update: 2026-07-10 10:36 GMT

CG News : अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में गुरुवार को तेज बारिश के बीच महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में बड़ा हादसा हो गया। जर्जर भवन की छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर गिरने से परियोजना अधिकारी सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय कार्यालय में कर्मचारी अपने कार्य में व्यस्त थे। लगातार बारिश के कारण भवन की कमजोर छत का प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में तीन कर्मचारी आ गए।

घटना के तुरंत बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीतापुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला एवं बाल विकास विभाग का यह कार्यालय लंबे समय से जर्जर भवन में संचालित हो रहा था। बारिश के दौरान हुए इस हादसे ने भवन की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने प्रशासन से जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत कराने या विभाग को सुरक्षित नए भवन में स्थानांतरित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Tags:    

Similar News