CG News : कांकेर। जिले के पखांजूर क्षेत्र से एक किसान की मेहनत और उम्मीदों को राख कर देने वाली खबर सामने आई है। बेलगाल गांव के किसान राम बघेल की ढाई एकड़ में तैयार मक्का फसल आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई। घटना के बाद किसान और उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के मुताबिक किसान राम बघेल ने बैंक से 50 हजार रुपये का कर्ज लेकर मक्का की खेती की थी। फसल तैयार होने के बाद उन्होंने मेहनत से मक्का को खेत में एकत्रित कर रखा था। शनिवार सुबह वह मक्का समेटकर घर लौटे थे, लेकिन शाम करीब 4 बजे जब दोबारा खेत पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए।

खेत में रखा पूरा मक्का धू-धू कर जल चुका था और कुछ ही देर में लाखों रुपये की उपज राख में बदल गई। किसान का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने जानबूझकर आग लगाई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसान को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मामले की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है। अब आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की है।

Tags: