CG News : खेत की रखवाली करने निकले किसान को हाथी ने पटककर मार डाला, दहशत में ग्रामीण

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।

Update: 2025-11-09 11:06 GMT

CG News : कोरबा। जिले में इंसान और हाथी के बीच संघर्ष का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। करतला वनमंडल के ग्राम पंचायत बोतली में देर रात एक दर्दनाक घटना हुई, जहां खेत की रखवाली करने जा रहे किसान शिवनारायण कंवर 36 वर्ष को एक दंतैल हाथी ने पटक-पटककर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, घिनारा गांव निवासी शिवनारायण कंवर शनिवार देर रात करीब 1 बजे अपने खेत की फसल देखने जा रहे थे। रास्ते में आमाबाड़ी के पास झाड़ियों से निकले हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। किसान ने भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उसे सूंड में लपेटकर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी।


इसके बाद करतला रेंज के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पहुंचे और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वन विभाग के अनुसार, मृतक के परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 25,000 की राशि दी गई है। विभागीय नियमों के मुताबिक, हाथी के हमले में मौत होने पर कुल 6 लाख का मुआवजा दिया जाता है, जिसमें शेष 5.75 लाख की राशि औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार को दी जाएगी।

Tags:    

Similar News