CG News : सब्जी लेने आई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर गिरा बिजली का खंभा, मौके पर हुई मौत

हादसा इतना भयावह था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

Update: 2026-06-19 13:04 GMT

CG News : बलौदा बाजार। जिले में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। बाजार में रोजमर्रा की जरूरत का सामान लेने पहुंची एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की उस समय मौत हो गई, जब अचानक एक बिजली का खंभा उसके ऊपर आ गिरा। हादसा इतना भयावह था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतिका की पहचान पूर्णिमा वर्मा के रूप में हुई है, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं। जानकारी के मुताबिक, वह बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान पास में चल रहे कार्य के बीच अचानक बिजली का खंभा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उनके सिर में गंभीर चोट आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के समीप पेड़ कटाई का कार्य चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से बिजली का खंभा गिरा और महिला उसकी चपेट में आ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Tags:    

Similar News