CG News : बेमेतरा की बेटियों ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय गतका चौम्पियनशिप में चार ने जीते स्वर्ण, 17 बालिकाएँ बनीं विजेता

इस प्रतियोगिता में बेमेतरा जिले से कुल 19 बालिकाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से 17 बालिकाओं ने पदक जीते।

Update: 2025-10-14 11:49 GMT

CG News : बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हुनर और मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने 13वीं राष्ट्रीय गतका चौम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में बेमेतरा जिले से कुल 19 बालिकाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से 17 बालिकाओं ने पदक जीते।

इनमें कस्तूरबा विद्यालय की 10 छात्राओं ने विशेष प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक जीतने वाली बालिकाओं में दामिनी, आंचल, राधिका और सृष्टि है। वहीं चांद और खुशबू को रजत पदक मिला तथा जागेश्वरी, मुकेश्वरी और रेशमा ने कांस्य पदक अपने नाम किए। पीटीआई नेहा वर्मा ने बताया कि छात्राओं ने देशभर के 12 राज्यों से आए प्रतिभागियों को मात देकर यह उपलब्धि हासिल की है।

विद्यालय की अधीक्षिका भारती घृतलहरे ने कहा कि यह सफलता नियमित योग, कराटे, गतका और अन्य खेलों में निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि विद्यालय की ये बालिकाएँ न केवल खेल में बल्कि पढ़ाई में भी उतनी ही मेहनती हैं। यह सभी छात्राएँ ग्रामीण परिवेश से आती हैं और यहाँ रहकर अपने जीवन का सर्वांगीण विकास कर रही हैं।

गौरतलब है कि विद्यालय की दो छात्राएँ जागेश्वरी और चांद खेल मंत्रालय द्वारा बनाई जा रही डॉक्यूमेंट्री फिल्म में भी शामिल की गई हैं। विद्यालय की शिक्षिकाएँ ममता गुरुपंच, राजकिरण मिश्रा, गायत्री साहू, विजयलक्ष्मी परगनिया, सावित्री यादव, दीप्ति नौरंगे और अनीता साहू ने सभी विजेता बालिकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

Tags:    

Similar News