CG News : बालोद। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के दिन जिले में मजदूरों पर प्रकृति की मार पड़ी। डौंडीलोहारा क्षेत्र के सेमरडीही ग्राम पंचायत में नाली निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस घटना में 20 मजदूर, जिनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

CG News : बता दें कि घटना उस समय हुई जब 130 मजदूर मनरेगा (रोजगार गारंटी योजना) के तहत कच्ची नाली निर्माण का काम कर रहे थे। अचानक पास के जंगल क्षेत्र से मधुमक्खियों का झुंड आया और मजदूरों पर हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के काटने से मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग दर्द से चीखने-चिल्लाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मधुमक्खियां इतनी आक्रामक थीं कि मजदूरों को भागने का मौका तक नहीं मिला।

CG News : घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, ज्यादातर घायलों को मधुमक्खियों के डंक से सूजन, जलन और दर्द की शिकायत है। कुछ मजदूरों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

Tags: