CG Assembly : सदन में उठा सशस्त्र बल वीरता पुरस्कार का मुद्दा, गृह मंत्री ने कहा- एक बार में दी जाती है 20 लाख एकमुश्त और जीवनभर मासिक सहायता

इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से उन्हें जीवनभर 20 हजार रुपये प्रतिमाह भी प्रदान किए जाते हैं।

Update: 2026-03-19 08:17 GMT

CG Assembly : रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में गुरुवार को सशस्त्र बल वीरता पुरस्कार का मुद्दा उठाया गया, जिस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वीरता पदक पाने वाले जवानों और अधिकारियों को उनके नियोक्ता बल की ओर से एकमुश्त 20 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाती है। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से उन्हें जीवनभर 20 हजार रुपये प्रतिमाह भी प्रदान किए जाते हैं।

यह जानकारी भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो के सवाल के जवाब में दी गई। विधायक ने पूछा था कि वीरता पदक प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल और पुलिस के जवानों को क्या-क्या सुविधाएं और सम्मान राशि मिलती है, साथ ही वर्ष 2024 से अब तक कितने जवानों को यह सम्मान मिला है।

गृह मंत्री ने बताया कि राष्ट्रपति वीरता पदक और अन्य वीरता पुरस्कारों पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं, छत्तीसगढ़ शौर्य पदक प्राप्त करने वाले राज्य पुलिस बल के कर्मियों को राज्य सरकार द्वारा अलग से मौद्रिक लाभ दिया जाता है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ के स्थायी निवासी, जो सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों या राज्य बलों में सेवा दे रहे हैं, अथवा आम नागरिक जिन्होंने वीरता का परिचय दिया है, उन्हें शौर्य-युद्ध सेवा मेडल श्रृंखला के तहत मिलने वाले चक्र-मेडल पर भूमि के बदले नगद अनुदान राशि भी दी जाती है।

Tags:    

Similar News