CG Accident : खेत में पलटा ट्रैक्टर, 18 वर्षीय चालक की दर्दनाक मौत; साथ बैठा किशोर घायल

धमतरी के सिहावा क्षेत्र में हादसा, ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलटा, पुलिस जांच में जुटी

Update: 2026-06-27 10:04 GMT

CG Accident : धमतरी। जिले के सिहावा क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार 13 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, सुमन मरकाम (18) निवासी पंडरीपानी अपने बड़े पिता का ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भीतररास की ओर जा रहा था। दोपहर करीब 12:30 बजे गढ़ीहापारा के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गया।

हादसा इतना भीषण था कि चालक सुमन मरकाम ट्रैक्टर के नीचे दब गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

वहीं ट्रैक्टर में सवार डोमेश्वर यादव (13) निवासी पंडरीपानी गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नगरी भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News