CG Accident : यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी, 12 से अधिक सवारी घायल, खिड़कियों से निकलकर बचाई जान

दुर्घटना में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

Update: 2026-06-07 11:26 GMT

CG Accident : कवर्धा। रायपुर से कवर्धा आ रही एक यात्री बस रविवार को अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि कई यात्रियों ने खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार, बस में करीब 50 से अधिक यात्री सवार थे। पिपरिया थाना क्षेत्र के पनेका गांव के पास पहुंचते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद कुछ यात्री बस के भीतर सीटों और सामान के बीच फंस गए, जबकि कई लोग नीचे दब गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। यात्रियों को बस से बाहर निकालने में स्थानीय लोगों ने अहम भूमिका निभाई। कई यात्रियों ने टूटी खिड़कियों के सहारे बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

हादसे के कारण कुछ समय तक रायपुर-कवर्धा मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मार्ग को फिर से सुचारू कराया।

Tags:    

Similar News