CG Accident : आबकारी विभाग की वाहन ने बाइक को टक्कर मारकर नहर में पलटी, एक की मौत, कई घायल

हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा पलटी, जिससे उसमें सवार आबकारी टीम के सदस्य भी चोटिल हो गए।

Update: 2026-06-23 08:50 GMT

CG Accident : मुंगेली। मुंगेली-लोरमी नहर रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। आबकारी विभाग के लिए किराये पर ली गई एक चारपहिया वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा पलटी, जिससे उसमें सवार आबकारी टीम के सदस्य भी चोटिल हो गए।

जानकारी के अनुसार बैगाकापा गांव के तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान तिराहे के पास तेज रफ्तार वाहन उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान अंकित यादव ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के मुताबिक वाहन चालक ने दुर्घटना से बचने की कोशिश की थी, लेकिन अचानक सामने आए बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में वाहन का संतुलन बिगड़ गया। टक्कर के बाद गाड़ी नहर में जा गिरी। इस दौरान वाहन में मौजूद आबकारी विभाग की टीम के कुछ सदस्य भी घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस चालक और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Tags:    

Similar News