CG Accident : बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसे में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) रजनीश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका दायां हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनकी कार में सवार पत्नी सुरक्षित बच गईं। यह दुर्घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला चौक के पास हुई, जहां डीईओ स्वयं अपनी कार चला रहे थे।

बता दें कि रजनीश तिवारी की कार मंगला चौक के पास अचानक एक एक्सकेवेटर वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में डीईओ रजनीश तिवारी को गंभीर चोटें आईं, विशेष रूप से उनके दाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया।

राहत की बात यह रही कि उनकी पत्नी को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल डीईओ को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और एक्सकेवेटर वाहन को कब्जे में लिया है।

Tags: