Big Breaking : प्रयागराज। फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक कोल्ड स्टोरेज की दीवार अचानक गिर गई। इस हादसे में अब तक 9 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के समय कोल्ड स्टोरेज में लगभग 20 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से कई मलबे में दब गए।

हादसे की वजह अमोनिया गैस पाइप फटना बताई जा रही है। पाइप फटने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई। मलबे और गैस रिसाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है। मौके पर पहुँचकर पुलिस कमिश्नर जोगिंदर कुमार और डीएम मनीष वर्मा ने रेस्क्यू टीम का जायजा लिया। जेसीबी और SDRF-एनडीआरएफ की टीमों द्वारा मलबे में फंसे मजदूरों को निकालने का काम जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा लंच के समय हुआ, जब मजदूर खाना खाकर आराम कर रहे थे। दीवार गिरते ही सभी अंदर फंस गए और भाग नहीं पाए। स्थानीय लोग गुस्साए हुए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एंबुलेंस पर पथराव भी किया गया। घायलों को स्वरूप रानी अस्पताल (SRN) में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मौके पर अमोनिया गैस की बदबू फैलने से लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर खड़े हैं। यह हादसा चांदपुर के पूर्व विधायक के कोल्ड स्टोरेज से जुड़ा बताया जा रहा है, और अब मामले की जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है।

Tags: